चंडीगढ (Naren Danu): पंजाब ने जीएसटी संग्रह के मामले में मई 2026 में मजबूत प्रदर्शन करते हुए 14.59 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है।
वित्त, आबकारी एवं कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सोमवार को जानकारी दी कि राज्य का सकल जीएसटी संग्रह बढ़कर 2,400.52 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 2,094.81 करोड़ रुपये था।
उन्होंने बताया कि एक साल में राज्य के जीएसटी संग्रह में 305.71 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। देशभर में जहां औसत वृद्धि लगभग 3.2 प्रतिशत रही, वहीं पंजाब ने 14.59 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हासिल की है।
वित्त मंत्री के अनुसार, कर चोरी पर सख्ती और बेहतर प्रवर्तन के चलते यह बढ़ोतरी संभव हुई है। स्टेट इंटेलिजेंस एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स (SIPU) की कार्रवाई में मई माह के दौरान 182.69 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया और 178.76 करोड़ रुपये की वसूली की गई।
उन्होंने बताया कि विभाग ने 85.4 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग रैकेट का भी खुलासा किया है, जिसमें लुधियाना की एक फर्म के निदेशक को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि फर्जी फर्मों और नकली बिलों के जरिए 15.56 करोड़ रुपये का गलत इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लिया गया था।
सरकार ने कहा है कि फर्जी बिलिंग और कर चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।