सिलेंडर विस्फोट से घर ढहा, कई लोग घायल, राहत दल मौके पर मौजूद

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट के बाद एक मकान ढह गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:37 बजे जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र के ईशु विहार, मुकुंदपुर-2 की गली नंबर-1 में हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां, दिल्ली पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं।

प्रारंभिक जानकारी में मकान ढहने की वजह एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट को माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लगभग 250 वर्ग गज में बने एक मंजिला मकान के अचानक गिरने से मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई।

बचाव अभियान के दौरान तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। वहीं चार से पांच लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पहले ही अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार अभी भी एक व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस ने इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।