मुंबई: अभिनेता सलमान खान ने कथित रूप से फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को कानूनी नोटिस भेजा है।
सूत्रों के अनुसार, यह फिल्म सलमान खान से जुड़े चर्चित काले हिरण शिकार मामले पर आधारित बताई जा रही है, जिस पर अभी अदालत में सुनवाई जारी है।
सलमान खान की कानूनी टीम का कहना है कि इस फिल्म से उनकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है और यह लंबित न्यायिक प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकती है। नोटिस में फिल्म से जुड़ी सभी गतिविधियों को तत्काल रोकने की मांग की गई है।
इसके साथ ही अक्षय पांडे से सार्वजनिक माफी की भी मांग की गई है। आरोप लगाया गया है कि फिल्म के प्रचार में सलमान खान के नाम और छवि का इस्तेमाल बिना अनुमति किया गया।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगें पूरी न होने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले पर फिल्म निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।