कैथल: अंबाला रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापेमारी कर कथित अवैध गतिविधियों का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान तीन युवक और तीन युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में काबू किया गया। सभी को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाना में पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी बीरभान के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में बाहरी जिलों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित टीम ने सोमवार शाम अचानक छापा मारा।
छापेमारी के दौरान सेंटर के अलग-अलग कमरों से युवक और युवतियां संदिग्ध हालात में मिलीं, जिन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के बाहर लोगों की भीड़ भी जुट गई, जिसे देखते हुए पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आरोपितों को दूसरे रास्ते से बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि सिविल लाइन और महिला थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। मामले में स्पा सेंटर संचालक के खिलाफ अनैतिक गतिविधियों से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।