चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने सोमवार को पंचकूला स्थित उच्चतर शिक्षा और मौलिक शिक्षा विभाग के दफ्तरों में अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की मौजूदगी और लंबित फाइलों की स्थिति को लेकर उन्होंने अधिकारियों की क्लास लगाई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने साफ कहा कि काम में लापरवाही किसी भी हालत में स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।
डिजिटल सिस्टम को मजबूत करने पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग का पूरा डाटा रोजाना ऑनलाइन अपडेट किया जाए। लंबे समय से लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने एक सप्ताह के भीतर सभी फाइलों का निपटारा करने के निर्देश दिए।
कर्मचारियों से जुड़े मामलों पर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाया। मेडिकल बिलों के भुगतान में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को उनके अधिकारों के लिए भटकना नहीं चाहिए।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अब विभाग की कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी जाएगी। हर 15 दिन में समीक्षा कर यह देखा जाएगा कि निर्देशों का कितना पालन हुआ है और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई तय होगी।