गांवों में आवागमन होगा आसान, 79 सड़कों का निर्माण

जयपुर: Jaipur में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा के तहत 79 ग्रामीण सड़क निर्माण कार्यों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है।

इन परियोजनाओं पर कुल 68.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके तहत प्रदेश में 151.75 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण और विकास किया जाएगा।

सरकार के अनुसार, इन कार्यों से पांच विधानसभा क्षेत्रों में ग्रामीण कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि अवसंरचना विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़कों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी बेहतर तरीके से मिल सकेगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

स्वीकृत परियोजनाओं के तहत झालावाड़ के झालरापाटन में 30 करोड़ रुपये से 51.05 किमी, झुंझुनूं के नवलगढ़ में 10 करोड़ से 31.15 किमी, जोधपुर के भोपालगढ़ में 8.30 करोड़ से 5 किमी, अलवर के राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ में 10 करोड़ से 33.55 किमी तथा ब्यावर के जैतारण क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये से 31 किमी लंबाई की सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।