पलवल: Palwal में महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों तथा बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल ने सोमवार को लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने जिला उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए महंगाई पर नियंत्रण और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व आदित्य देवीलाल ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आदित्य देवीलाल ने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केवल ईंधन ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।
बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर उनमें असंतोष है। पर्याप्त रोजगार के अवसर न मिलने से युवाओं में निराशा बढ़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।