नई दिल्ली: नई दिल्ली में द्वारका मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘द्वारका काकरोला’ किए जाने की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
काकरोला गांव के निवासियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस निर्णय के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर संदीप सहरावत भी मटियाला विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, पार्षदों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह फैसला स्थानीय पहचान, ऐतिहासिक विरासत और जनभावनाओं को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का मानना है कि सार्वजनिक स्थलों के नाम स्थानीय इतिहास और सांस्कृतिक पहचान को प्रतिबिंबित करने चाहिए।
विधायक संदीप सहरावत ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से मेट्रो स्टेशन के नाम में काकरोला की पहचान शामिल करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस मांग को स्वीकार करना स्थानीय संस्कृति, इतिहास और क्षेत्रीय गौरव को सम्मान देने वाला सराहनीय कदम है।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि इस निर्णय से काकरोला की ऐतिहासिक पहचान को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों की भावनाओं को उचित सम्मान प्राप्त होगा।