शिक्षा भारती विद्या निकेतन के छात्र ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, खेती में पिता का हाथ बंटाते हुए पाई ऐतिहासिक सफलता मोबाइल का सकारात्मक इस्तेमाल कर मनखुश ने पेश की मिसाल, विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत

कलायत (रवि जैस्ट) : स्थानीय कस्बे के 'शिक्षा भारती विद्या निकेतन' के होनहार छात्र मनखुश ने देश की सबसे कठिन 'जेईई एडवांस्ड' परीक्षा में ऑल इंडिया 1000वां रैंक (AIR 1000) हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नर्सरी कक्षा से इसी स्कूल में पढ़ रहे मनखुश ने इससे पहले जेईई मेन्स में भी 97.988732 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए थे। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिसर में ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां स्कूल के अध्यक्ष कुलदीप बिढाण और एमडी जितेंद्र सिंह बिढाण ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया।

मनखुश की यह सफलता आज के युवाओं के लिए एक बड़ी मिसाल और प्रेरणा है। ग्रामीण परिवेश से आने वाले मनखुश दिनभर अपने पिता देवी दयाल के साथ खेतों में हाड़-तोड़ मेहनत करते थे और रात को जागकर पढ़ाई में जुट जाते थे। सोशल मीडिया से दूर रहकर उन्होंने स्मार्टफोन का केवल पढ़ाई के लिए सकारात्मक इस्तेमाल किया। स्कूल प्रबंधन ने इस गौरवशाली क्षण पर उनके माता-पिता को बधाई दी और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत इरादों के आगे कोई भी अभाव रास्ता नहीं रोक सकता।