सरकारी बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा सुविधा शुरू

कोलकाता: कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार से राज्यभर में महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा लागू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत महिला यात्रियों को सरकारी बसों में सफर के लिए कोई किराया नहीं देना होगा और उन्हें शून्य किराया (जीरो फेयर) का टिकट जारी किया जाएगा। यह सुविधा राज्य के सभी क्षेत्रों में संचालित सरकारी बसों, जिनमें लंबी दूरी की बसें भी शामिल हैं, पर लागू होगी।

योजना का लाभ लेने के लिए महिला यात्रियों को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। परिवहन विभाग के निर्देशों के अनुसार आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सरकारी कर्मचारी पहचान पत्र तथा स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के पहचान पत्र सहित अन्य सरकारी मान्य दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे।

सोमवार सुबह से राज्य परिवहन निगम की बसों में इस योजना संबंधी सूचना प्रदर्शित की गई है। साथ ही बस चालकों और परिचालकों को शून्य किराया टिकट जारी करने की प्रक्रिया को लेकर विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि फिलहाल महिलाओं को बस में चढ़ते ही मुफ्त टिकट उपलब्ध कराया जाएगा। भविष्य में योजना के दुरुपयोग को रोकने के लिए महिला यात्रियों के लिए विशेष पहचान कार्ड जारी करने की व्यवस्था भी की जाएगी, हालांकि इसकी समय-सीमा अभी घोषित नहीं की गई है।

योजना की शुरुआत के साथ महिला यात्रियों में उत्साह देखा गया। कई महिलाओं ने कहा कि रोजाना नौकरी, व्यवसाय और अन्य कार्यों के लिए बस से यात्रा करनी पड़ती है, ऐसे में किराये की बचत से उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। राज्य सरकार ने इसे महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।