नई दिल्ली: नई दिल्ली में आज से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में अब यह सिलेंडर 3113.50 रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3255.50 रुपये हो गई है। इसके साथ ही पांच किलोग्राम वाले छोटे एफटीएल सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया गया है।
हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। नई कीमतें सोमवार से प्रभावी हो गई हैं। दिल्ली में अब पांच किलोग्राम वाला छोटा सिलेंडर 821.50 रुपये में मिलेगा।
दूसरी ओर केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) के निर्यात पर लगने वाली एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती की घोषणा की है। सरकार ने पेट्रोल पर विंडफॉल गेन टैक्स को घटाकर 1.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। डीजल पर यह टैक्स 13.50 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 9.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, पेट्रोल और डीजल के निर्यात पर सड़क एवं बुनियादी ढांचा उपकर (रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सेस) शून्य रहेगा। वहीं, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल पर लागू मौजूदा करों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लागत बढ़ सकती है, जबकि एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती से तेल निर्यात क्षेत्र को राहत मिलने की उम्मीद है।