गैस लीक मामले में दो लोगों की हालत नाजुक

चंडीगढ़: लुधियाना में रविवार देर रात एक फैक्टरी में गैस रिसाव की दर्दनाक घटना में पिता-पुत्र समेत तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, आरके रोड स्थित दीप टूल्स नामक फैक्टरी में कामकाज सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान अचानक पाइपलाइन से गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस का असर इतना तेज था कि कई मजदूरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण श्रमिक फैक्टरी के अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

हादसे में मान सिंह, उनके पुत्र अमित और एक अन्य कारीगर श्रीराम की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मान सिंह और अमित मशीन के नीचे जमा मिट्टी को ट्रॉली में भरने के लिए गए थे, तभी वे गैस रिसाव की चपेट में आ गए।

घटना की सूचना सोमवार सुबह प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जसलीन भुल्लर ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है।

प्रशासन ने फैक्टरी को सील कर दिया है। प्रारंभिक जांच में फैक्टरी परिसर में मौजूद एक टैंक से गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि गैस के प्रकार और हादसे के वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम की टीमें भी मामले की जांच में जुटी हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना देर से दिए जाने के कारणों की भी जांच की जा रही है। आसपास के लोगों और फैक्टरी कर्मचारियों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।