गुरुग्राम: गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा पुलिस के बेड़े में शामिल 310 नई मोटरसाइकिलों और दो कारों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी वाहन आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ईआरवी) के रूप में कार्य करेंगे। वाहन कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत होंडा मोटर फाउंडेशन द्वारा हरियाणा पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस के त्वरित रिस्पांस सिस्टम की सराहना करते हुए कहा कि देश में ईआरवी का औसत रिस्पांस टाइम लगभग 18 मिनट है, जबकि हरियाणा पुलिस ने इसे घटाकर 7 मिनट 3 सेकेंड कर दिया है। उन्होंने इसे सुशासन और आधुनिक पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पुलिस विभाग को आधुनिक संसाधनों और तकनीक से सशक्त बना रही है, ताकि आपात स्थितियों में लोगों को शीघ्र सहायता मिल सके। उन्होंने नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की भी अपील की।
वाहनों के वितरण के तहत गुरुग्राम को 60 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट कार, जबकि फरीदाबाद को 40 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट कार दी गई है। शेष 210 मोटरसाइकिलें राज्य के अन्य जिलों में भेजी गई हैं।
इस मौके पर अजय सिंघल ने कहा कि नए अत्याधुनिक वाहनों के शामिल होने से कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा संकरी गलियों में भी पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।