फिरोजपुर मंडल की मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक डीआरएम संजीव कुमार की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय में हुई। बैठक में 1 से 15 सितंबर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 के सफल आयोजन की सराहना की गई। डीआरएम ने अधिकारियों को विभागीय निरीक्षण के दौरान हिंदी में किए जा रहे कार्यों की प्रगति का अवलोकन कर उसे निरीक्षण रिपोर्ट में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने हिंदी में सरल और सहज शब्दों के प्रयोग पर भी जोर दिया।

अमृतसर (आर. के. उप्पल) : फिरोजपुर मंडल की मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक 21 सितंबर को मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मंडल के सभी शाखा अधिकारियों एवं मुख्य कार्यालय अधीक्षकों ने भाग लिया।

राजभाषा पखवाड़े के सफल आयोजन की सराहना

बैठक के आरंभ में डीआरएम संजीव कुमार ने 1 से 15 सितंबर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 के सफल आयोजन पर राजभाषा विभाग को बधाई दी। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की।

निरीक्षण रिपोर्ट में हिंदी की प्रगति का हो उल्लेख

डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय निरीक्षण के दौरान राजभाषा में कार्य की प्रगति का अवलोकन कर उसका उल्लेख निरीक्षण रिपोर्ट में भी करें। उन्होंने कहा कि हिंदी में कार्य करते समय सहज और सरल शब्दों का प्रयोग किया जाए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी नितिन गर्ग ने अधिकारियों से स्वयं हिंदी में कार्य करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों को भी प्रेरित करने का आग्रह किया। बैठक का संचालन राजभाषा अधिकारी मस्तराम मीना ने किया।