बिजली कंपनियों में नौकरी अवसर बढ़ाने की मांग तेज

जबलपुर: मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी.पी. पाठक ने मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा अनुकंपा नियुक्ति नीति में किए गए संशोधन का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कंपनी ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए स्वीकृत पदों की संख्या और श्रेणियों का विस्तार किया है, जिससे प्रभावित परिवारों को रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे।

पाठक ने मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा, ऊर्जा सचिव तथा सभी विद्युत कंपनियों के प्रबंध संचालकों का आभार व्यक्त करते हुए मांग की कि पूर्व क्षेत्र कंपनी की तर्ज पर ऊर्जा विभाग के अंतर्गत कार्यरत सभी बिजली कंपनियों में भी समान निर्णय लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को शीघ्र लाभ मिल सकेगा और उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि संशोधित व्यवस्था के तहत वर्ष 2018 की अनुकंपा नियुक्ति नीति में बदलाव कर तृतीय श्रेणी के परीक्षण सहायक, कार्यालय सहायक श्रेणी-3 और कनिष्ठ शीघ्रलेखक तथा चतुर्थ श्रेणी के लाइन परिचालक और सिविल परिचारक जैसे पदों को शामिल किया गया है। फेडरेशन के प्रदेश प्रवक्ता मदन वर्मा ने कहा कि यह निर्णय कर्मचारी हित में एक सकारात्मक पहल है।