हिसार: Hisar की पहलवान गरिमा ढांडा ने वियतनाम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
गरिमा ढांडा की इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी की लहर है। उनके परिजनों और समर्थकों ने इस जीत पर गर्व जताया है।
अकादमी संचालक अजय पहलवान के अनुसार, शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल कुश्ती अकादमी, मिर्चपुर की गरिमा ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में मंगोलिया की पहलवान को 18-6 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
गरिमा का पूरे टूर्नामेंट में दबदबा देखने को मिला। उन्होंने पहले मुकाबले में उज़्बेकिस्तान की पहलवान को 10-0 से हराया। इसके बाद कजाकिस्तान की खिलाड़ी को 14-4 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में चीन की पहलवान को 8-6 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।
फाइनल मुकाबले में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगोलिया की पहलवान को 18-6 से पराजित कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
गरिमा की इस ऐतिहासिक जीत से पूरे क्षेत्र और गांव में खुशी की लहर है। उल्लेखनीय है कि इसी चैंपियनशिप में अकादमी के तीन अन्य पहलवान भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं, जिससे अकादमी की उपलब्धियों में और इजाफा हुआ है।