35 विभाग एक छत के नीचे: 2 जून को लगेगा मेगा लीगल सर्विस कैंप आधार, फैमिली आईडी, रोजगार और कानूनी सहायता का होगा तुरंत समाधान न्याय से जनसेवा तक: मेगा लीगल सर्विस कैंप में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और साइबर सुरक्षा सेवाएं मुफ्त

पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 2 जून को जिला न्यायालय परिसर स्थित बार कॉन्फ्रेंस हॉल, ग्राउंड फ्लोर में एक विशाल मेगा लीगल सर्विस कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में 35 से अधिक सरकारी विभाग, संस्थाएं और सामाजिक संगठन एक ही छत के नीचे आमजन को मुफ्त सेवाएं, कानूनी सहायता और जागरूकता प्रदान करेंगे।

डीएलएसए सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सुश्री वर्षा शर्मा ने बताया कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों, जरूरतमंदों, वादकारियों तथा प्रशासनिक या सामाजिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को एक ही स्थान पर त्वरित समाधान उपलब्ध करवाना है। शिविर में कानूनी सहायता से लेकर आधार कार्ड, फैमिली आईडी, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, पंचायत, बैंकिंग और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क प्रदान की जाएंगी।

शिविर में सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा मुफ्त स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श दिया जाएगा, जबकि क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण और परिवहन संबंधी समस्याओं का समाधान करेगा।
जिला आयुष अधिकारी पारंपरिक चिकित्सा एवं आयुर्वेदिक सेवाओं की जानकारी देंगे।
लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर द्वारा बैंकिंग योजनाओं एवं वित्तीय सहायता की जानकारी दी जाएगी। जिला समाज कल्याण विभाग समाज के कमजोर वर्गों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देगा, वहीं शिक्षा विभाग छात्रवृत्ति, प्रवेश और शैक्षणिक योजनाओं को लेकर मार्गदर्शन करेगा।

कृषि एवं बागवानी विभाग किसानों को फसल, सब्सिडी, मिट्टी जांच और फल-सब्जी उत्पादन संबंधी जानकारी देंगे।महिला एवं बाल विकास विभाग महिला सुरक्षा, पोषण और कल्याण योजनाओं पर जागरूक करेगा। रोजगार विभाग युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और प्रशिक्षण योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेगा।

कॉमन सर्विस सेंटर द्वारा डिजिटल सेवाएं, प्रमाण पत्र और विभिन्न सरकारी फार्म भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। श्रम विभाग मजदूरों के अधिकारों और श्रमिक योजनाओं से संबंधित जानकारी देगा।

बाल संरक्षण इकाइयां बच्चों की सुरक्षा, गोद लेने और बाल श्रम रोकथाम को लेकर सहायता प्रदान करेंगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग राशन कार्ड और खाद्य सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेगा।
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग पानी और सिंचाई संबंधी शिकायतों पर कार्य करेगा।
पशुपालन विभाग अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के पशुपालकों को मुफ्त पशु बीमा और पशु चिकित्सा सेवाओं की जानकारी देगा।

आईटीआई विभाग युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों से अवगत कराएगा।
रेडक्रॉस सोसायटी स्वास्थ्य एवं आपदा राहत सेवाओं की जानकारी देगी। मत्स्य विभाग मत्स्य पालन और लाइसेंस संबंधी सहायता उपलब्ध करवाएगा।
फायर विभाग अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण और उपकरणों का प्रदर्शन करेगा, जबकि साइबर सेल डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करेगा। आधार कार्ड और फैमिली आईडी अपडेट से संबंधित कार्यों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।

नशा मुक्ति केंद्र द्वारा परामर्श और पुनर्वास सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। वन स्टॉप सेंटर, बाल देखभाल संस्थान एवं विभिन्न गैर सरकारी संगठन महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण और सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे।

डीएलएसए पानीपत ने आमजन से इस मेगा लीगल सर्विस कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए डीएलएसए पानीपत के हेल्पलाइन नंबर 0180-2640125 या ईमेल dlsapnp@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।