सिरसा: सिरसा में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये का चूरापोस्त बरामद किया है। इस मामले में एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर आरोपियों को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में चूरापोस्त बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा प्रभारी सुखजीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान जिले के गांव प्रताप नगर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक कार आती दिखाई दी जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गई। पुलिस ने कार का पीछा कर कार को तलाशी के लिए रोक लिया। पुलिस ने जांच के दौरान कार से 20 किलो 500 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी जितेंद्र सिंह व रज्जोबाई के रूप में हुई। पुलिस ने कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।