सिरसा: Sirsa में नशे के कारोबार को बढ़ावा देने के आरोप में एक सिक्योरिटी एजेंट इंद्रदेव को निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित एजेंट पर अवैध गतिविधियों में संलिप्तता और नशे के नेटवर्क को सहयोग देने के आरोप लगे थे। जांच के बाद प्राथमिक तौर पर आरोप सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को इसकी पुष्ट करते हुए बताया कि इंद्रदेव को निलंबित कर दिया गया है। इंद्रदेव का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पैसों के लेन-देन का दावा किया जा रहा है। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति सिविल ड्रेस में नजर आ रहा है, जिसकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई वीडियो वायरल होने से पहले ही शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 5 मई का है। वायरल वीडियो डबवाली क्षेत्र के गांव जोगीवाला स्थित एक मेडिकल स्टोर का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।