राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के बलड़ी बाईपास के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक ट्रक और दो कारों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और 5 से 6 लोग घायल हो गए। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक कार के परखच्चे तक उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने चल रही कार को चालक ने सर्विस लेन में डालने की कोशिश की, लेकिन वहां पहले से खड़े ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। तेज गति के कारण टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह टूट गई और अंदर बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उसके बाद जब वो गाड़ी हाईवे पर रुकी तो पीछे से आ रही गाड़ी उसमें भिड़ गई।
हादसे में शामिल कारों में परिवार सवार थे। एक कार में मौजूद धनंजय शर्मा ने बताया कि उनकी गाड़ी में उनकी मां और बेटी भी थीं, जिन्हें सिर सहित कई जगह चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं जो गाड़ी ट्रक से भिड़ी उसमें भी फैमिली थी जो जीरकपुर जा रही थी, उन्हें भी काफी चोट आई हैं। दोनों गाड़ियों के एयर बैग खुल गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।
मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि हादसे के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना में कितने लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, तेज रफ्तार से बचें, नशे में ड्राइविंग न करें और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।