कुरुक्षेत्र (अश्विनी वालिया) : नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में बेटियों, महिलाओं और मातृशक्ति को सम्मान, अवसर और नेतृत्व प्रदान करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने के इसी संकल्प को उस समय नई ऊर्जा और मजबूती मिली, जब डॉ. अर्चना गुप्ता को भारतीय जनता पार्टी हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके नेतृत्व से न केवल महिलाओं को राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी, बल्कि संगठन को भी नई दिशा और सशक्त कार्यशैली प्राप्त होगी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन कुरुक्षेत्र के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के पूर्व जिला सह संयोजक मेघराज बंसल ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति समर्पण से भाजपा हरियाणा को नई मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा।
मेघराज बंसल ने विश्वास जताया कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी प्रदेश में संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगी तथा महिलाओं, युवाओं और व्यापारिक वर्ग सहित समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास एवं जनसेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी। यह नियुक्ति महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ हरियाणा की राजनीति में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश भी देती है।
मेघराज बंसल ने कहा कि बीजेपी में पंक्ति के आखिरी में खड़े होने वाला व्यक्ति भी अपनी कार्यशैली कुशलता और संगठन के प्रति समपर्ण के चलते बड़े पद पर आसीन हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष पद की बागडोर एक महिला नेता को सौंपना महिला सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण है। हमे विश्वास है की डाॅ. अर्चना गुप्ता अपने कर्तव्य को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी।