पानी की किल्लत से जूझ रहे ग्रामीण, आंदोलन की चेतावनी

‎कलायत (रवि जैस्ट) : कलायत उपमंडल के गांव बालू बिढान पत्ती स्थित वाल्मीकि बस्ती में पिछले कई वर्षों से पेयजल की गंभीर किल्लत बनी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों को इस भीषण गर्मी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा बस्ती के घरों में नल के कनेक्शन तो लगा दिए गए हैं, लेकिन पाइपलाइनों में पानी की सप्लाई न होने से ये केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। पेयजल न आने के कारण ग्रामीणों को इस चिलचिलाती धूप में दूर-दराज के इलाकों से सिर पर पानी ढोकर लाने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे विभाग के दावों की पोल खुल रही है।

‎स्थानीय निवासी परमजीत, सुनीता और अमरजीत,सतबीर सिंह, पालाराम, कपूरा, प्रीतम, आदि ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे पिछले करीब 6 वर्षों से जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पानी की सप्लाई सुचारू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थिति यह है कि किसी अधिकारी ने मौके पर आकर समस्या की सुध तक नहीं ली। परेशान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और डीसी अपराजिता से मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे डीसी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। ‎गांव बालू की बाल्मीकि बस्ती में पेयजल समस्या का मामला उनके अभी संज्ञान में आया है बस्ती का मौका मुआयना कर जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

: जन स्वास्थ्य विभाग जेई रवि पूनिया