बठिंडा (सोनू टुटेजा) : महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में समाजसेवी वीनू गोयल ने एक बार फिर सराहनीय पहल की है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महिलाओं और युवतियों के लिए 21 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
वीनू गोयल ने बताया कि स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को ध्यान में रखते हुए जून माह में इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर बठिंडा के तीन अलग-अलग स्थानों पर लगाया जाएगा। इनमें आदर्श सरकारी स्कूल, कैनाल कॉलोनी, ठंडी सड़क (सुबह 8 से 10 बजे), देसराज सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, किला रोड के निकट (सुबह 9 से 11 बजे) तथा सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, संजय नगर (सुबह 10 से दोपहर 12 बजे) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर में सभी आयु वर्ग की महिलाएं और लड़कियां भाग ले सकती हैं। प्रशिक्षण के दौरान सिलाई, कढ़ाई, डिजिटल शिक्षा, बेसिक इंग्लिश स्पीकिंग, पब्लिक स्पीकिंग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, ब्यूटीशियन, फैब्रिक पेंटिंग, ब्लॉक प्रिंटिंग तथा टाई एंड डाई जैसे विभिन्न रोजगारपरक कोर्सों की निःशुल्क ट्रेनिंग दी जाएगी।
वीनू गोयल ने बताया कि पिछले 26 वर्षों में आयोजित ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से 34 हजार से अधिक महिलाएं और युवतियां लाभान्वित हो चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी यह शिविर महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा करने के साथ-साथ उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं और युवतियों से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर शारदा, पिंकी रानी, वीरपाल कौर, रीना रानी, मीनाक्षी, ज्योति,प्रतिभा शर्मा तथा कैंप कोऑर्डिनेटर एम.के. मन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कैप्शन:
"कौशल विकास के जरिए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम, महिलाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर शुरू- वीनू गोयल