शिमला: Himachal Pradesh में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। शुरुआती दो घंटों में लगभग 21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। लोकतंत्र के इस पर्व में विशेष उत्साह का उदाहरण तब देखने को मिला जब 107 वर्षीय धर्मपति ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्रशासन ने मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण में कुल 17 लाख 30 हजार 30 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 8 लाख 74 हजार 416 पुरुष, 8 लाख 55 हजार 597 महिलाएं और 17 अन्य मतदाता शामिल हैं। प्रदेशभर में करीब सात हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह नौ बजे तक मिले आंकड़ों के अनुसार ऊना जिले में सबसे अधिक 23 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 14 फीसदी मतदान हुआ। इसके अलावा शिमला में 22 फीसदी, सिरमौर में 22.89 फीसदी, सोलन में 22.79 फीसदी, कुल्लू में 21 फीसदी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी में 20-20 फीसदी, जबकि किन्नौर और चंबा में 18-18 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
इस बार चुनाव में बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह देखा जा रहा है। शिमला जिले की ग्राम पंचायत भटवारी झटवारी के वार्ड नंबर-4 में 107 वर्षीय वयोवृद्ध महिला धर्मपति ने मतदान कर लोगों को प्रेरित किया। वहीं शिमला जिले के बलघर ग्राम पंचायत के बाजरोली पुल में 102 वर्षीय पाड़ी देवी ने अपना वोट डालकर जिम्मेदार नागरिक होने का संदेश दिया। चंबा जिले के सियूर क्षेत्र के जीपीएस रैतान मतदान केंद्र में 100 वर्षीय अर्जुन सिंह ने मतदान किया।
शिमला जिले की ग्राम पंचायत लालपानी के गुणसा वार्ड के 95 वर्षीय हरि सिंह लगभग दो किलोमीटर पैदल चलकर मतदान केंद्र पहुंचे और अपना वोट डाला। शिमला जिले की ग्राम पंचायत पौडिया के क्यारनु और कोटी वार्ड में 96 वर्षीय वीर सिंह और 90 वर्षीय गोकलू देवी ने मतदान किया। शिमला की मधाना पंचायत के वार्ड नंबर-3 में 89 वर्षीय मंगत राम भी मतदान करने पहुंचे। वहीं किरण पंचायत के थंगाड़ वार्ड में 88 वर्षीय मतदाता ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खास उत्साह देखा गया। शिमला जिले की ग्राम पंचायत भराना के गड़ली भराना मतदान केंद्र में 19 वर्षीय ध्रुव शर्मा और 20 वर्षीय ज्योति पहली बार वोट डालने पहुंचे। मतदान केंद्रों पर युवाओं ने सेल्फी लेकर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी दर्ज करवाई।
प्रदेश के निचले व मैदानी इलाकों में सुबह तेज धूप खिली रही, जबकि शिमला सहित कुछ क्षेत्रों में बादल भी छाए रहे। मौसम विभाग ने आज कई जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में लू चलने का अलर्ट भी दिया गया है। प्रशासन ने मतदान दलों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अधिकारियों के अनुसार, मतदान प्रतिशत में आगे और बढ़ोतरी की उम्मीद है और प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है।