चंडीगढ़/मुंबई : Punjab पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां देश छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहे दो वांटेड गैंगस्टरों को एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे और विदेश भागने की फिराक में थे। समय रहते मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों तथा फंडिंग चैनल्स की जांच की जा रही है।
दोनों गैंगस्टरों की पहचान जसवंत सिंह उर्फ जस्सा और करन कीड़ा के रूप में हुई है। दोनों गैंगस्टरों पर फिरौती, डराने-धमकाने, हत्या सहित अन्य कई संगीन मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों गैंगस्टर देश छोड़कर भागने की फिराक में थे। जैसे ही पुलिस को खुफिया सूचना मिली तो सुरक्षा एजेंसियों ने मुंबई पुलिस के सहयोग से मुंबई एयरपोर्ट से दोनों गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी नकली दस्तावेजों और अन्य तरीकों से देश छोड़ने की फिराक में थे लेकिन मौके पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी करन कीड़ा एक अकाली पार्षद की हत्या के मामले में नामजद था। उक्त अकाली पार्षद की दिनदहाड़े हत्या की गई थी। जांच दौरान करन कीड़ा का नाम भी सामने आया था। तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसके अलावा पकड़े गया गैंगस्टर जसवंत सिंह उर्फ जस्सा बंबीहा गैंग से जुड़ा हुआ है। उस पर फिरौती मांगने, हत्या के प्रयास सहित अन्य कई संगीन मामले दर्ज हैं। पंजाब पुलिस को लंबे समय से दोनों गैंगस्टरों की तलाश थी।
अधिकारियों ने कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।