सोनीपत: सोनीपत में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने विज्ञापन लिंक भेजकर करीब साढ़े चार लाख रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को आकर्षक ऑफर और विज्ञापन के नाम पर लिंक भेजते थे। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ितों की निजी जानकारी हासिल कर उनके खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान राजस्थान में जिला डूंगरपुर के गांव गामडी देवकी निवासी देवशंकर, प्रकाश और ईश्वर रूप में हुई है। बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जांच में सामने आया कि 11 अप्रैल 2026 को सोनीपत निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 28 मार्च को उसके मोबाइल पर गूगल क्रोम पर एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में कॉल गर्ल उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उसका संपर्क व्हाट्सऐप नंबर से हुआ। आरोपियों ने
अलग-अलग सर्विस बताकर पहले एक हजार रुपये एडवांस जमा करवाए और बाद में वेरिफिकेशन, टैक्स, सिटी चार्ज समेत कई बहानों से लगातार पैसे मंगवाते रहे।
पीड़ित से यूपीआई और स्कैनर के जरिए करीब चार लाख 50 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने पैसे वापस करने का झांसा भी दिया। शिकायत मिलने के बाद थाना साइबर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें।