फिरौती गैंग पर शिकंजा कसने की तैयारी

सिरसा: Sirsa में आईजी ने पुलिस अधिकारियों को धमकी भरी कॉल और फिरौती मांगने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तकनीकी जांच और कॉल वेरिफिकेशन के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाना जरूरी है। आईजी ने साइबर सेल और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस प्रकार के अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को सुरक्षा और भरोसा प्रदान किया जाए।

पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह बुधवार को सिरसा व डबवाली में पुलिस अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आईजी ने अंतरराज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि बाहरी राज्यों से होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अपराध रोकथाम के लिए मजबूत रणनीति अपनाते हुए आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध करवाई जाए। बैठक में विदेशी नंबरों से आने वाली धमकी भरी कॉल्स, फिरौती मांगने तथा संगठित अपराध से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आईजी कुलदीप सिंह ऐसे मामलों में तुरंत साइबर सेल की सहायता लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाले जाएं और आरोपियों की लोकेशन, पहचान व नेटवर्क का पता लगाकर उनके खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल या धमकी की तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।