पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, उत्तराखण्ड प्रभारी एवं लोकसभा सांसद आदरणीय बहन कुमारी शैलजा जी से उनके नई दिल्ली स्थित निवास पर शिष्टाचार भेंट कर हरियाणा की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, बिगड़ती कानून व्यवस्था, युवाओं में बढ़ती निराशा तथा गरीब एवं मध्यम वर्ग पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। डॉ० ओमवीर सिंह पंवार ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आज हर वर्ग परेशान है और जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का जीवन कठिन बना दिया है। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और छोटे व्यापारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल प्रचार की राजनीति कर रही है। समाजसेवी व वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ० ओमवीर सिंह पंवार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी और युवाओं की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रही है और आगे भी जनहित की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता भाजपा सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों का जवाब देगी।
इस अवसर पर बहन कुमारी शैलजा के संघर्षशील नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की भी सराहना की गई। इस अवसर पर शिवम खादी ग्रामोद्योग समिति पानीपत के सचिव रविन्द्र वर्मा भी उपस्थित थे ।