कलायत (रवि जैस्ट) : कलायत विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे गांव शिमला में ग्रामीण विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर गतिरोध गहरा गया है। गांव के सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर स्थानीय ग्राम सचिवालय में पक्का पड़ाव डाल दिया है, जिससे पूरी सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलायत के उपमंडलाधीश (SDM) अजय हुड्डा तुरंत मौके पर पहुंचे और सफाई कर्मचारियों को शांत करने व ड्यूटी पर लौटने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया। हालांकि, कर्मचारियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन तो एसडीएम को सौंपा, लेकिन उनकी समझाइश को पूरी तरह दरकिनार करते हुए अपनी मांगों पर अड़े रहे और किसी भी प्रशासनिक आश्वासन को मानने से साफ इनकार कर दिया।
इस पूरे गतिरोध और सफाई कर्मचारियों की मांगों के समाधान को लेकर जब मौके पर मौजूद पत्रकार ने एसडीएम अजय हुड्डा से बातचीत करनी चाही और प्रशासनिक पक्ष जानना चाहा, तो उन्होंने कैमरे के सामने इस मामले पर कुछ भी बोलने से पूरी तरह परहेज किया। अधिकारी की इस रहस्यमयी चुप्पी के बाद अब क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म है कि आखिर प्रशासन इस गंभीर गतिरोध को दूर करने और सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आगे क्या ठोस कदम उठाएगा।