कलायत (रवि जैस्ट) : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की एम.ए. हिंदी तृतीय सेमेस्टर परीक्षा में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कैथल जिले के राजौंद (कलायत) निवासी छात्रा काजल को सांसद नवीन जिन्दल ने विशेष प्रशंसा-पत्र भेजकर सम्मानित किया है।
अपने संदेश में सांसद नवीन जिन्दल ने काजल की इस उत्कृष्ट उपलब्धि को उसके कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सफलता न केवल उसके परिवार और विश्वविद्यालय, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि काजल भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित कर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेगी।
सांसद नवीन जिन्दल ने अपने संदेश में कहा कि युवा पीढ़ी की ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत होती हैं। उन्होंने काजल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल के कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने काजल को तिरंगा भेंट किया और बताया कहा कि सांसद नवीन जिन्दल, शिक्षा को ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति मानते हैं तथा मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें गर्व होता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करें और देश के विकास में सक्रिय योगदान दें। इस अवसर पर काजल और उसके परिवार ने सांसद नवीन जिन्दल का आभार व्यक्त किया।