भीषण गर्मी में ज्यादा पानी पीने की अपील

नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी ने देश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों से सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक तापमान के दौरान सतर्कता और जरूरी बचाव उपाय अपनाना बेहद आवश्यक है।

प्रधानमंत्री ने लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्मी से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कई पोस्ट साझा करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी सभी के लिए चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने लोगों को हीट एग्जॉशन के लक्षणों जैसे चक्कर आना, मतली और अत्यधिक थकान को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कमजोरी, सिरदर्द या अस्वस्थता महसूस हो तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाकर पानी और ओआरएस उपलब्ध कराना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग अत्यधिक गर्मी में सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि लक्षणों की अनदेखी करने पर स्थिति गंभीर होकर हीटस्ट्रोक का रूप ले सकती है।

मोदी ने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य बुजुर्ग परिजनों का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें नियमित रूप से फोन कर हालचाल लें और पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने तथा पर्याप्त आराम करने की सलाह दें।

प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों और जानवरों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घरों, बालकनी, छत, दुकानों और कार्यालयों के बाहर पानी से भरे छोटे बर्तन रखना प्यासे पक्षियों और जानवरों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।

उन्होंने सभी नागरिकों से एक-दूसरे की मदद करने और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने का भी आग्रह किया। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग और संबंधित एजेंसियों को भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।