नई दिल्ली: नई दिल्ली के विष्णु गार्डन इलाके में एक घर में भीषण आग लगने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला झुलस गईं। प्रारंभिक जांच में ई-स्कूटी को हादसे की वजह माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घर में अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने के कारण घर में मौजूद लोग बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। हादसे में एक 13 साल के बच्चे की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई, जबकि बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली दमकल विभाग के अनुसार दमकल कंट्राेल रूम को रात करीब 2:43 बजे विष्णु गार्डन की गली नंबर-9 स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियाें काे भेजा गया। कुछ ही मिनटों बाद आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन भी मौके पर रवाना किए गए। दमकल अधिकारियों के अनुसार आग पर रात करीब 3:10 बजे काबू पा लिया गया। जबकि ऑपरेशन पूरी तरह रात 4:10 बजे खत्म हुआ। दमकल विभाग की शुरुआती जांच में सामने आया कि आग ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी और घर में रखे घरेलू सामान में लगी थी।
हादसे में दो लोग झुलस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोग और पीसीआर टीम दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही गुरु गोविंद अस्पताल, रघुबीर नगर लेकर पहुंच गए थे। अस्पताल में डॉक्टर ने 13 वर्षीय जसप्रीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं 65 वर्षीय स्वामजीत कौर करीब 35 प्रतिशत तक झुलस गईं। उनका इलाज जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर ई-स्कूटी की बैटरी में खराबी या शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।