9 सूत्रीय मांग-पत्र देकर आशा वर्कर्स ने जताई नाराजगी

चंडीगढ़: आशा वर्कर्स ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री को 9 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा। मांग-पत्र में मानदेय बढ़ाने, स्थायी रोजगार, सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं और कार्य परिस्थितियों में सुधार जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

आशा वर्कर्स ने कहा कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को बेहद ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आशा वर्कर्स के काम की सराहना करते हुए विश्वास दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के प्रति पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट रूप से आश्वासन दिया कि आशा वर्कर्स की जितनी भी जायज मांगें हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने नेशनल हेल्थ मिशन हरियाणा के डायरेक्टर को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने डायरेक्टर को निर्देश दिए कि सौंपे गए 9 सूत्री मांग-पत्र के सभी बिंदुओं और तकनीकी मुद्दों का गहराई से अध्ययन किया जाए और इस पर त्वरित उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री की ओर से मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया है।