मुकेरियां, दसूहा, गढ़शंकर, हरियाना, गढ़दीवाला और उड़मुड़ टांडा में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर किया मतदान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं पारदर्शिता के रहे पुख्ता प्रबंध : निकास कुमार

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : जिले की 6 नगर परिषदों के लिए मंगलवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कुल 66.21 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ज़िला प्रशासन की ओर से पूरे मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक प्रबंध पूरी तरह से सुनिश्चित किए गए थे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चला, जिसमें मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर-कम-अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी निकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की नगर परिषद मुकेरियां में 65.90 प्रतिशत, दसूहा में 63.18 प्रतिशत, गढ़शंकर में 65.34 प्रतिशत, हरियाना में 68.8 प्रतिशत, गढ़दीवाला में 75.03 प्रतिशत तथा उड़मुड़ टांडा में 67.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि जिले की 6 नगर परिषदों के 80 वार्डों के लिए बनाए गए 118 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे तथा जिला पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पूरे दिन लगातार निगरानी रखी गई।

निकास कुमार ने मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में लगे चुनाव कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों एवं मतदाताओं का सहयोग के लिए धन्यवाद किया। मतगणना 29 मई को निर्धारित केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी के बीच करवाई जाएगी।