लुधियाना: शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से इम्पैक्ट मेकर्स राउंडटेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन इनिशिएटर्स ऑफ चेंज के मुख्य कार्यालय में किया गया। इस विशेष सम्मेलन में शहर के 25 से अधिक प्रभावशाली समाजसेवियों, एनजीओ प्रमुखों, शिक्षाविदों, उद्योग प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। कॉन्फ्रेंस का संचालन इनिशिएटर्स ऑफ चेंज के चेयरमैन गौरवदीप सिंह द्वारा किया गया। चर्चा का मुख्य विषय शहर में बढ़ती गंदगी और ट्रैफिक प्रबंधन की समस्याओं के समाधान हेतु एक संयुक्त नागरिक आंदोलन शुरू करना रहा।
इस राउंडटेबल में मनीत दीवान, लखमिंदर कौर छाबड़ा, जैस्मिन पावा, हरलीन कौर, शुभांगी सिंह, डॉ. एस. बी. पांधी, सतपाल सिंह, अशमीत ओबेरॉय, तरवीन कौर, सीनियर सिटिज़न्स काउंसिल, रहरास सेवा सहित कई प्रमुख सामाजिक हस्तियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान प्रतिभागियों ने शहर में बढ़ती कूड़ा फैलाने की समस्या, नागरिक जिम्मेदारी की कमी और ट्रैफिक अनुशासन में गिरावट पर चिंता व्यक्त की। इस दौरान जागरूकता अभियान, जनभागीदारी कार्यक्रम, स्कूल और कॉलेज आधारित गतिविधियों तथा प्रशासन के साथ सहयोग बढ़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण सुझावों पर चर्चा की गई।
गौरवदीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शहर को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं बल्कि हर नागरिक, संस्था, उद्योग और युवा संगठन की है।