लुधियाना: लुधियाना में केवली फाऊंडेशन द्वारा मिनी गुरु नानक देव भवन में दी एक्सीलेंस अवार्ड्स एंड करियर पॉथवेज 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत व उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले जैन समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस मौके पर गीतांजलि सक्सैस अकैडमी की फाउंडर एवं करियर काउंसलर गीतांजलि स्याल ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय के विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक क्षेत्रों के साथ-साथ नई तकनीक, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मैनेजमेंट और प्रोफेशनल कोर्सेज में भी अपार संभावनाएं हैं। गीतांजलि स्याल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को केवल अंकों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उनकी रुचि, क्षमता और व्यक्तित्व के अनुसार सही करियर चुनने के लिए मार्गदर्शन देना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालने और उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस मौके लुधियाना मेयर इंद्रजीत कौर भी उपस्थित रही।