जीरकपुर : ढकोली स्थित सरकारी एलीमेंट्री स्कूल के सामने करीब एक सप्ताह से सीवर ओवरफ्लो होने से हालात खराब बने हुए हैं। स्कूल से करीब 30 मीटर दूरी पर सीवर का गंदा पानी सड़क, दुकानों और रिहायशी इलाके के सामने फैल रहा है। रोजाना इसी रास्ते से स्कूल पहुंचने वाले बच्चों के साथ स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि समस्या की शिकायत संबंधित विभाग को कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। वार्ड नंबर 13 के पार्षद सुखबीर सिंह लवली के अलावा नरिंदर सिंह, कबीर सैनी, संजीव कुमार, संजय कुमार, जगतार सिंह और सतपाल राणा ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौके पर स्थिति देखने तक नहीं पहुंचे।
लोगों के अनुसार सड़क पर फैले सीवर के पानी से लगातार दुर्गंध उठ रही है। पानी जमा रहने के कारण मच्छरों और कीटों के पनपने का खतरा भी बढ़ गया है। उनका कहना है कि स्कूल के आसपास ऐसी स्थिति बने रहना विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर है।
सफाई होती है, फिर कुछ समय बाद वही हाल
पार्षद सुखबीर सिंह लवली ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचकर सीवर लाइन को अस्थायी रूप से खोल देते हैं, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा ओवरफ्लो शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि बार-बार सफाई कराने के बजाय ब्लॉकेज या तकनीकी खामी के वास्तविक कारण का पता लगाकर स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं स्कूली बच्चे
स्थानीय लोगों ने बताया कि सरकारी एलीमेंट्री स्कूल में आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थी पढ़ते हैं। रोज बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे में रास्ते के पास बहता सीवर का पानी उनके लिए परेशानी के साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी पैदा कर रहा है।
क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद और संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और सीवर लाइन की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान किया जाए।