फगवाड़ा (शिव कौड़ा) : पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर शिरोमणि अकाली दल (ब) के प्रधान स. सुखबीर सिंह बादल के निर्देशों अनुसार बूथ स्तर पर कमेटियों के गठन संबंधी विचार-विमर्श हेतु बैठकों की श्रृंखला के तहत विधानसभा हलका फगवाड़ा (शहरी) इंचार्ज स. रणजीत सिंह खुराना (कोर कमेटी सदस्य, इंडस्ट्री एवं व्यापार विंग, पंजाब) की अगुवाई में शहर के सर्कल सुखचैन नगर, जोन 3 में पार्टी वर्करों के साथ बैठक की गई।
सर्कल प्रधान कुलविंदर सिंह किंदा पूर्व कौंसलर तथा अवतार सिंह भुंगरनी के प्रयासों से आयोजित इस बैठक के पश्चात बातचीत करते हुए स. खुराना ने बताया कि इस बैठक में जोन प्रधान कुलविंदर सिंह किंदा, वरिष्ठ अकाली नेता स. अवतार सिंह भुंगरनी तथा जरनैल सिंह वार्ड प्रधान समेत अन्य पार्टी वर्करों के साथ बूथों की कमेटियों के गठन संबंधी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि जोन 3 के अंतर्गत आने वाले वार्डों में बूथ कमेटियों की घोषणा भी जल्द की जाएगी।
बूथ कमेटियों का गठन कर सूचियां पार्टी प्रधान स. सुखबीर सिंह बादल को सौंपी जाएंगी। उन्होंने कहा कि स. सुखबीर सिंह बादल के निर्देशों को अमलीजामा पहनाते हुए 2027 की पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने राज्यसभा सदस्य एवं क्रिकेटर हरभजन सिंह द्वारा आम आदमी पार्टी पर राज्यसभा सीटों और मंत्रियों के पद बेचने संबंधी लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि यह बहुत ही गंभीर और शर्मनाक आरोप है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को पंजाब के लोगों के साथ किए गए इस विश्वासघात का जवाब देना चाहिए। इस दौरान पार्टी वर्करों द्वारा स. रणजीत सिंह खुराना को सम्मानित भी किया गया