भीलवाड़ा में नए एसपी का एक्शन मोड, अपराधियों को अलर्ट

भीलवाड़ा: नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक सागर ने पदभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाए हैं।

एसपी सागर ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की शिकायतों के त्वरित निपटारे पर विशेष ध्यान दें।

जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर निवर्तमान एसपी धर्मेंद्र यादव ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नए एसपी का स्वागत किया और जिले की कानून व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी।

कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी सागर ने राजस्थान पुलिस के मूल मंत्र “आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय” को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए कार्य करती है, लेकिन कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा पुलिस पहले से अच्छा कार्य कर रही है, लेकिन अब अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करना और अपराधियों में भय कायम करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी रहेगी।

एसपी सागर ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस करने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छोटा या बड़ा किसी भी प्रकार का अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

भीलवाड़ा जिले में बढ़ते हाईवे नेटवर्क और सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए एसपी सागर ने कहा कि यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसपी सागर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, डीएसपी और विभिन्न थाना अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और अवैध गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।

नए एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।