सिरसा: सिरसा में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और जागरूकता अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।
एक कार्यक्रम के दौरान एसपी दीपक सहारण ने कहा कि पुलिस प्रशासन नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है, लेकिन केवल पुलिस प्रयासों से इस समस्या का पूर्ण समाधान संभव नहीं है। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों को भी आगे आना होगा।
एसपी दीपक सहारण शनिवार को जिले के गांव दड़बा कलां से चोपटा तक निकाली गई साइक्लोथॉन यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पूर्व उपस्थित युवाओं व ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
Also Read - पंजाब सरकार गंभीर वित्तीय, प्रशासनिक संकट की ओर अग्रसरः भाजपा
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि अगर उनका बच्चा नशे का शिकार है तो वे समय पर उसका उपचार करवाएं, ताकि उसे समाज की मुख्य धारा में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर कोई अभिभावक अपने बच्चे के लिए स्टैंड नहीं ले सकते तो मैं उन्हें माता-पिता नहीं मानता। क्योंकि हमें शुरूआत अपने घर से ही करनी होगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे से युवाओं को बचाने के लिए व्यवस्था में सुधार किया गया है, नशामुक्ति केंद्रों पर बेहतर उपचार दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने नशे के अवैध धंधे से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो गोलियों नशा छुड़वाने के लिए दी जा रही है, उन गोलियों का कुछ लोग व्यापार कर रहे हैं, जिन्हें किसी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा, ऐसे लोगों की जगह सलाखों के पीछे है।
इस मौके पर जिला कांग्रेस की प्रधान एवं दड़बा कलां की सरपंच संतोष बैनीवाल ने कहा कि पैंतालिसा क्षेत्र की सभी पंचायतों को साथ लेकर नशे के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। नशे जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए ग्रामीणों को प्रथम पंक्ति में आकर सहयोग करना होगा। नशे के सौदागरों के बारे में सूचना देकर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने में मदद करनी होगी, ताकि एक स्वस्थ व नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना जरूरी है, ताकि वे नशे की गिरफ्त में आने से बच सकें। साथ ही, उन्होंने लोगों से नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करने की अपील की।