लुधियाना 23 May : भाई रंधीर सिंह नगर स्थित डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में शूलिनी यूनिवर्सिटी के सहयोग से ‘शोध पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता’ का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में लगभग 110 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिन्हें 11 टीमों में विभाजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शूलिनी यूनिवर्सिटी के संकाय सदस्य डॉ. सौरभ शर्मा और डॉ. रविकांत शर्मा ने विद्यार्थियों को शोध की मूलभूत अवधारणाओं, उसकी प्रक्रिया और महत्त्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागी टीमों को रचनात्मक नाम भी प्रदान किए।
विद्यार्थियों ने चार्ट, ग्राफ और आकर्षक दृश्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शोध पोस्टरों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस गतिविधि ने न केवल उनकी रचनात्मकता को निखारा, बल्कि शोध क्षमता, टीम वर्क और प्रस्तुतीकरण कौशल को भी मजबूती दी।
प्रतियोगिता में टीम “ब्रेक द फेक” ने प्रथम स्थान, “वॉलंटियर्स ऑफ चेंज” ने द्वितीय स्थान तथा “सोशल मीडिया प्रेडिक्टर्स” ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विषय की समझ की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को भविष्य के लिए उपयोगी बताया।