सेल्फ डिफेंस कार्यक्रम में युवाओं ने सीखी आत्मरक्षा तकनीक

लुधियाना: स्पोर्ट्स, फिजिकल एजुकेशन, फिटनेस एंड लीजर सेक्टर स्किल्स काउंसिल ने इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन के सहयोग से मिनी गुरु नानक भवन में बच्चियों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में डीसी हिमांशु जैन मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान आईआरएफसी एवं एसपीईएफएल-एससी के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाना, आत्मविश्वास विकसित करना तथा आत्मरक्षा कौशल को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम के तहत लुधियाना जिले के 20 सरकारी स्कूलों की कक्षा 8वीं से 12वीं तक की छात्राओं को आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों, परिस्थिति की समझ, व्यक्तिगत सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह कार्यक्रम प्रशिक्षण श्रृंखला के सफल समापन का प्रतीक रहा, जिसमें छात्राओं, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और आमंत्रित अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने प्रशिक्षण में सीखी गई विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का लाइव प्रदर्शन भी किया।

अपने संबोधन में डीसी हिमांशु जैन ने बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर केंद्रित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और जागरूकता भी बढ़ाता है।