चंडीगढ़: Punjab में शिक्षा विभाग ने स्कूली शिक्षा को अधिक रोचक और तनावमुक्त बनाने के लिए बड़ा कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए ‘बैगलेस डे’ लागू करने पर विचार किया जा रहा है।
प्रस्ताव के अनुसार, सप्ताह में एक दिन छात्रों को बिना बैग के स्कूल आना होगा, जहां उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, खेल-कूद, कला, संस्कृति और जीवन कौशल आधारित गतिविधियों में शामिल किया जाएगा
इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक रट्टा प्रणाली से हटकर छात्रों को अनुभव आधारित, गतिविधि-आधारित और कौशल विकास वाली शिक्षा से जोड़ना है। इन दिनों में छात्रों को किताबों के भारी बस्ते से राहत मिलेगी और वे कक्षा के बाहर व्यवहारिक गतिविधियों में भाग लेंगे।
एससीईआरटी के अनुसार इन विशेष दिनों में छात्रों को भाषा आधारित गतिविधियां, नाटक, कविता पाठ, गणितीय खेल, विज्ञान प्रयोग, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम और स्थानीय भ्रमण जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता, सामाजिक-भावनात्मक सीख और 21वीं सदी के कौशल विकसित करना है। शिक्षकों को इन दिनों के लिए विशेष गतिविधि योजना तैयार करनी होगी। स्कूलों में लैब, प्रोजेक्टर, खेल सामग्री और स्थानीय विशेषज्ञों की मदद से गतिविधियां कराई जाएंगी। विभाग ने विशेष जरूरत वाले बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।