भीषण लू को लेकर अलर्ट, धूप में न निकलने की सलाह

Chandigarh: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पंजाब-चंडीगढ़ में आज सीवियर हीटवेव यानी भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। दोपहर 2 बजे जारी इस अलर्ट में कहा गया है कि इस दौरान लोग धूप में निकलने में सावधानी बरतें। भीषण गर्मी व लू से लोग हीट स्ट्रोक और गर्मी से जुड़ी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। बच्चों-बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा खतरा हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि ज्यादा गर्मी में बाहर निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। प्यास लगे तो खूब पानी पिएं। ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी और छाछ जैसी चीजें पीते रहें। बाहर निकलते वक्त हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें।

25 मई तक चलेगी लू: इसके अलावा 25 मई तक दोनों जगहों पर लू चलने की बहुत अधिक संभावना है। इस दौरान 20-30 किमी प्रति घंटे की स्पीड से गर्म हवाएं चलेंगी। हवाओं की स्पीड 40 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को बाहर निकलने पर लू के थपेड़े सहने होंगे। विभाग के मुताबिक बीती रात चंडीगढ़ का टेंपरेचर नॉर्मल से 5.1 °C और पंजाब का टेंपरेचर 5.0°C तक ज्यादा रहा। इसका मतलब ये है कि अब दिन के बाद रातें भी बहुत तेजी से गर्म होती जा रही हैं। सोमवार को सबसे गर्म जिला बठिंडा रहा, जहां मैक्सिमम टेंपरेचर 47 डिग्री तक पहुंच गया है।