बबली ढिल्लों ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन पर लगाए धक्केशाही के आरोप, हाईकोर्ट जाने की दी चेतावनी

बठिंडा (सोनू टुटेजा) : नगर निगम चुनावों के दौरान शिरोमणि अकाली दल के तीन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द किए जाने के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीसी दफ्तर के बाहर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। शिरोमणि अकाली दल के शहरी हलका इंचार्ज इकबाल सिंह बबली ढिल्लों की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन के दौरान अकाली कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या करार दिया।

प्रदर्शन के दौरान इकबाल सिंह बबली ढिल्लों ने बताया कि वार्ड नंबर 15 से अजय कुमार, वार्ड नंबर 28 से बिट्टू सिंह मेहणा बस्ती और वार्ड नंबर 36 से हर्ष सैणी के नामांकन पत्र बेबुनियाद आपत्तियां लगाकर रद्द कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आम आदमी पार्टी के दबाव में की गई है ताकि मजबूत उम्मीदवारों को चुनाव मैदान से बाहर किया जा सके।

बबली ढिल्लों ने आरोप लगाया कि बिट्टू सिंह के नामांकन पत्र इस आधार पर रद्द किए गए कि उनके खिलाफ कोर्ट केस चल रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि वह मामला अभी अमल में ही नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यह केवल बहाना बनाकर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि अजय कुमार के कागजात इस कारण रद्द किए गए कि उनके साथ एससी प्रमाण पत्र संलग्न नहीं था, जबकि प्रमाण पत्र पहले ही नामांकन पत्रों के साथ लगाया गया था। इसी तरह हर्ष सैणी के नामांकन पत्रों पर यह आपत्ति लगाई गई कि उनके पिता भी चुनाव लड़ रहे हैं। बबली ढिल्लों ने कहा कि ये सभी आपत्तियां पूरी तरह बेबुनियाद हैं और कानूनी रूप से इनका कोई ठोस आधार नहीं है।

अकाली नेता ने कहा कि जिला प्रशासन ने आप सरकार के दबाव में आकर यह घिनौनी हरकत की है और लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल इस मामले को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में लेकर जाएगा और जल्द ही रिट याचिका दायर की जाएगी।

बबली ढिल्लों ने कहा कि जिन तीन उम्मीदवारों के कागजात रद्द किए गए हैं, वे चुनाव जीतने की मजबूत स्थिति में थे। इसी कारण विरोधी पक्ष के दबाव में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी नगर निगम में अपनी पकड़ बनाए रखने और भ्रष्टाचार जारी रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाइयां करवा रही है।
उन्होंने कहा कि शहर की जनता इस धक्केशाही का जवाब आने वाले चुनावों में देगी और लोकतंत्र को कुचलने वालों को सबक सिखाएगी। इकबाल सिंह बबली ढिल्लों ने यह भी कहा कि वर्ष 2027 में पंजाब में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनने जा रही है और उस समय ऐसी धक्केशाही करने वाले अधिकारियों को अपने किए का परिणाम भुगतना पड़ेगा।

इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के शहरी प्रधान गुरसेवक सिंह मान, गुरप्रीत सिंह संधू सहित पार्टी की पूरी शहरी लीडरशिप और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।