बदमाशों ने जींद में तीन डॉक्टरों पर किया जानलेवा हमला, एक की मौत, दो गंभीर जख्मी
हरियाणा, 25 जुलाई। मुख्यमंत्री नायब सैनी की क्राइम के खिलाफ ‘जीरो-टॉलरेंस’ चेतावनी के बावजूद अपराधी लगातार शासन-प्रशासन को चुनौती दे रहे हैं। अब जींद जिले के सफीदों में बदमाशों ने रामपुरा रोड पर तीन डॉक्टरों पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें एक डॉक्टर की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक मरने वाले डॉ. विकास शर्मा सफीदों में एक मल्टी-स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल संचालित करते थे। यह वारदात वीरवार देर रात तब हुई, जब डॉ. विकास शर्मा और उनके दो सहयोगी डॉक्टर अपने अस्पताल से रामपुरा रोड की ओर जा रहे थे। अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें डॉ. विकास की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य दो घायल डॉक्टरों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी थी।
डॉ. विकास के भाई ने हादसे को साजिश बताते कहा कि उनके भाई को साजिशन मारा गया। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो परिजन तीखा विरोध करेंगे। काबिलेजिक्र है कि डॉ. विकास के पिता शिवनारायण शर्मा भारतीय जनता पार्टी के सफीदों मंडल के अध्यक्ष रहे हैं। उधर, पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
———