खन्ना, लुधियाना में ऑर्गेनिक खेती के नाम पर चल रहे करोड़ों रुपए के घोटाले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस केस में 10 नए लोगों पर FIR दर्ज की है। शक जताया जा रहा है कि घोटाले के कनेक्शन पंजाब से बाहर दूसरे राज्यों तक भी फैले हैं। पूरी जांच SIT टीम कर रही है।
शिकायत में करोड़ों की धोखाधड़ी का दावा
खन्ना पुलिस के मुताबिक नया मामला डॉ. मनप्रीत सिंह, निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, जीरकपुर की शिकायत पर दर्ज हुआ। उन्होंने बताया कि ऑर्गेनिक खेती का सपना दिखाकर उनसे 29.70 लाख रुपए ठग लिए गए। यह सब एक प्लानिंग करके काम करने वाले गिरोह ने किया।
इन 10 लोगों पर दर्ज हुआ केस
जिन लोगों पर FIR हुई है उनमें हरिओम सैनी (पानीपत), जनरेशन ऑफ ग्लोबल फार्मिंग के मालिक बिक्रमजीत सिंह (लुधियाना), जसप्रीत सिंह, परविंदर सिंह, बाबर सिंह (फतेहगढ़ साहिब), नवीन बौस (सोनीपत), अवतार सिंह कंग, अमित खुल्लर (फिरोजपुर), सतविंदर शर्मा उर्फ सोना और दलवीर सिंह शामिल हैं।
ज्यादा मुनाफा दिखाकर लोगों से लूट
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी बिक्रमजीत और उसका ग्रुप लोगों को ज्यादा इनकम का लालच देता था। वे ऑर्गेनिक फार्मिंग का सपना दिखाकर अलग-अलग फर्मों के खातों में पैसे डलवाते थे। पुलिस को सबूत मिले हैं कि इस गैंग का नेटवर्क पंजाब, हरियाणा और कई और राज्यों तक फैला है।
SIT का कहना है कि जांच में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस के पास अभी तक कई सौ करोड़ रुपए के लेन-देन का रिकॉर्ड मिल चुका है। यह केस पंजाब के सबसे बड़े आर्थिक घोटालों में से एक बन सकता है।
