राज्यसभा सांसद पद्म राजिंदर गुप्ता ने आज राजधानी में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। यह बैठक पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था और सीमा प्रबंधन को लेकर बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक के दौरान पंजाब में मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों और सशस्त्र बलों की भूमिका पर व्यापक चर्चा हुई। राजिंदर गुप्ता ने कहा कि पंजाब की भौगोलिक स्थिति इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत संवेदनशील बनाती है। ऐसे में आधुनिक निगरानी तकनीक, मजबूत सीमा प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय समय की जरूरत है।
गुप्ता ने केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों और पंजाब पुलिस के बीच और अधिक प्रभावी तालमेल की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार संवेदनशील राज्यों की सुरक्षा को और मज़बूत करने के लिए हर संभव सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में सशस्त्र बलों की तैनाती, सुरक्षा निगरानी और आधुनिक उपकरणों के उपयोग को और प्रभावी बनाया जाएगा।
मुलाकात के बाद पद्म श्री राजिंदर गुप्ता ने कहा कि पंजाब में शांति और स्थिरता बनाए रखना केवल राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से पंजाब का सुरक्षा ढांचा और सुदृढ़ होगा तथा लोगों में भरोसा और स्थिरता की भावना और मजबूत बनेगी।
पंजाब की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि सशस्त्र बलों की भूमिका को और प्रभावी बनाते हुए प्रदेश और देश की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
