अजीत झा.
चंडीगढ़ 07 Dec : इंडिगो एयरलाइन की उड़ानें रद्द होने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को भी चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मुंबई, लखनऊ और कोलकाता जाने वाली तीन उड़ानें—6E5261 (मुंबई), 6E146 (लखनऊ) और 6E627 (कोलकाता) रद्द कर दी गईं। कई यात्रियों को इसकी जानकारी एयरपोर्ट पहुंचने पर ही हुई, जिससे हड़कंप मच गया।
यात्रियों को 8-10 घंटे पहले मिलेगी फ्लाइट कैंसिलेशन की सूचना
इंडिगो के बार-बार कैंसिलेशन के बाद अब पंजाब सरकार ने कड़ा कदम उठाया है।सिविल एविएशन सेक्रेटरी सोनाली गिरी ने बताया कि एयरपोर्ट पर कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को उड़ान रद्द होने की जानकारी 8 से 10 घंटे पहले मिल सके। इसके बाद यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर फंसने की स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद है।
लगातार उड़ानें रद्द होने का असर सिर्फ यात्रियों पर ही नहीं, बल्कि खेल आयोजनों पर भी पड़ रहा है।
शनिवार को रात 8 बजे तक 18 फ्लाइटें रद्द होने के कारण हेबॉल इंटरनेशनल पूल चैंपियनशिप-2025 के पहले दिन के मुकाबले टालने पड़े। केवल ओपनिंग सेरेमनी ही हो पाई, जबकि खिलाड़ी पहले दिन सिर्फ अभ्यास और प्रदर्शनी मुकाबले ही खेल सके।रविवार से पहले राउंड के मैच शुरू किए गए, लेकिन देरी का असर प्रतियोगिता के कार्यक्रम पर साफ दिखाई दिया।320 खिलाड़ियों में से अब तक सिर्फ 250 खिलाड़ी ही चंडीगढ़ पहुंच पाए हैं। कई खिलाड़ी एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं, जिसके चलते मैचों को री-शेड्यूल करना पड़ा।ओपनिंग सेरेमनी के मुख्य अतिथि, दक्षिण अफ्रीका के वर्ल्ड पूल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट ईशान सिंह ने भारत की फ्लाइट व्यवस्था पर आश्चर्य जताया।उन्होंने कहा कि भारत में फ्लाइट कैंसिलेशन की स्थिति चिंताजनक है और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वह भी किसी तरह चंडीगढ़ पहुंच पाए।फ्लाइट कैंसिलेशन का असर नेताओं पर भी पड़ा है।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की मुंबई एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। उनकी तिरुवनंतपुरम से चंडीगढ़ आने वाली फ्लाइट रद्द हुई, फिर मुंबई से ली गई कनेक्टिंग फ्लाइट भी कैंसिल हो गई।उधर कई यात्री दो-दो दिन से चंडीगढ़ में होटल्स में फंसे हुए हैं।दिल्ली , मुंबई, पुणे, अहमदाबाद और लखनऊ जाने वाली उड़ानों के कैंसिल होने से लोग नई फ्लाइट मिलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही।यमुनानगर से आए एक फौजी ने बताया कि यूनिट में समय पर रिपोर्ट न कर पाने पर उन्हें छुट्टी बढ़ाने के लिए आवेदन करना पड़ेगा।वहीं यात्रियों का कहना है कि जो फ्लाइटें उपलब्ध हैं, उनके किराए चार से पांच गुना बढ़ा दिए गए हैं।मुंबई जा रहे एक यात्री ने कहा कि वह अपने परिवार, जिसमें चार वरिष्ठ नागरिक और एक बच्चा शामिल है, के साथ दो दिन से चंडीगढ़ में फंसे हुए हैं। उनकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
