यूटी प्रशासन ने गौ-सेवा सैस किया दोगुना, बिजली की हर यूनिट पर 6 पैसे वसूली, जारी की अधिसूचना
चंडीगढ़, 1 जुलाई। यूटी प्रशासन ने अहम फैसला लिया है, जिसके तहत गौ-सेवा सैस दोगुना कर दिया गया है। ऐसे में अब यहां कार रजिस्ट्रेशन कराना और बिजली खर्च करना महंगा पड़ेगा।
जानकारी के मुताबिक अब चार पहिया वाहनों के रजिस्ट्रेशन पर 500 की जगह एक हजार रुपये गौ सैस लिया जाएगा। इसके अलावा बिजली की हर यूनिट पर पहले 2 पैसे का सैस लगता था, जो अब बढ़ाकर 6 पैसे कर दिया गया है। यह अधिसूचना पंजाब गोकशी निषेध अधिनियम, 1955 की धारा 7 के तहत जारी की गई है, जो चंडीगढ़ में भी लागू है। वसूली प्रशासन के अलग-अलग विभाग करते हैं, लेकिन पूरी राशि चंडीगढ़ नगर निगम को मिलती है।
हालांकि, इस सैस को लेकर पहले भी विवाद रहा है। निगम प्रशासन का आरोप है कि आबकारी विभाग वसूली गई राशि में हिस्सेदारी घटा रहा है। जहां 2022-23 में निगम को 20.25 करोड़ मिले थे, वहीं 2024-25 में यह घटकर सिर्फ 2.92 करोड़ रह गए। दूसरी तरफ, चंडीगढ़ प्रशासन के रीजनल लाइसेंसिंग अथॉरिटी द्वारा कॉमर्शियल वाहनों पर सैस वसूला जाएगा। बिजली के बिलों पर यह सेस सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, इलेक्ट्रिसिटी (ऑपरेशन) सर्कल द्वारा वसूला जाएगा। इस वर्ष मार्च में नगर निगम सदन ने बिजली की हर यूनिट पर अतिरिक्त 6 पैसे का गौ सैस लगाने का प्रस्ताव पारित किया था, जो अब लागू हो गया।
———–